मुंबई, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि महाराष्ट्र में समुद्री क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं। मुंबई ‘समुद्री सप्ताह’ जैसे आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान है। देश के उद्योगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समुद्री क्षेत्र में महाराष्ट्र की स्थिति महत्वपूर्ण है।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल आज मुंबई मंत्रालय में केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय और भारतीय बंदरगाह संघ की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित भारत समुद्री सप्ताह की तैयारी के संबध में समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत समुद्री सप्ताह 2025 का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर 2025 तक गोरेगांव स्थित नेस्को प्रदर्शनी केंद्र में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे। यह भारत की समुद्री नीति, नवाचार, सतत विकास, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और समुद्री उद्योग के विकास पर चर्चाओं और प्रदर्शनियों का एक मंच होगा। इसमें कई उप-परियोजनाएँ, सेमिनार और विषय शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक देश, हजारों प्रतिनिधि, घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उद्योग, 500 से अधिक प्रदर्शक और 7 भागीदार देशों के मंत्री-स्तरीय प्रतिनिधि भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार को भारतीय समुद्री क्षेत्र के विकास के लिए मुंबई में स्थाई केंद्र स्थापित करना जरुरी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र इस केंद्र को वैश्विक स्तर पर विकसित करेगा और वैश्विक स्तर पर भारत समुद्री सप्ताह की थीम तैयार करेगा। मुंबई में आर्थिक विकास के अपार अवसर बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विकास में महाराष्ट्र का योगदान हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। भारत समुद्री सप्ताह 2025 के अवसर पर देश और राज्य के समुद्री विकास में अपार अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य में समुद्री निवेश के लिए अनुकूल वातावरण है और यह ‘समुद्री सप्ताह’ इसे और बढ़ावा देगा। देश और महाराष्ट्र वैश्विक समुद्री क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहे हैं। जहाज निर्माण नीति ने राज्य में इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए हैं। महाराष्ट्र निश्चित रूप से देश के समुद्री क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को ‘भारत समुद्री सप्ताह 2025’ आयोजित करने का सम्मान देने के लिए वह केंद्र सरकार के आभारी हैं। महाराष्ट्र सरकार इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन भव्य और विश्वस्तरीय होगा।
इस बैठक में केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री, मुख्यमंत्री फडणवीस के अलावा उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, मत्स्य पालन और बंदरगाह मंत्री नितेश राणे, मुख्य सचिव राजेश कुमार और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
