
वाराणसी,19 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के दुर्गाकुंड क्षेत्र में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से इमामबाड़ा बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। नगर निगम की आराजी संख्या 2342 में दर्ज करीब 240 वर्गमीटर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्ज़ा कर निर्माण कार्य किया गया है। यह जानकारी नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी है।
कार्यालय के अनुसार सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम सोमवार को मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि निगम की जमीन पर इमामबाड़ा का निर्माण किया गया है। जब निगम अधिकारियों ने कब्जाई गई भूमि की बैरेकेटिंग का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध कर कार्य रुकवा दिया। इसके बाद विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए मामले की सूचना एडीएम (सिटी) को दी गई। एडीएम सिटी ने मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि विवाद की स्थिति न उत्पन्न होने दी जाए और कब्जेदारों से भूमि स्वामित्व के प्रमाणस्वरूप अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा।
नगर निगम अधिकारियों ने भी संबंधित पक्ष को दस्तावेज़ों के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया, लेकिन सोमवार देर शाम तक कोई भी व्यक्ति अभिलेखों के साथ उपस्थित नहीं हुआ। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि नगर निगम के अभिलेखों में स्पष्ट रूप से दर्ज है और यह निगम की स्वामित्व वाली संपत्ति है। अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
