

भागवत कथा सुनने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह भी सपरिवार पहुंचे
मुरादाबाद, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । पितृ पक्ष का समय बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह पूर्वजों को समर्पित है। इस सोलह दिन की अवधि में पितरों का तर्पण और श्राद्ध करना बेहद उत्तम माना जाता है। तर्पण का मतलब है जल, दूध और तिल से पितरों को तृप्त करना। यह क्रिया पितरों की आत्मा को शांति देती है। यदि पितृ प्रसन्न है तो देवता भी प्रसन्न होते हैं। यह बातें सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित कथा व्यास डा. जगदीश प्रसाद कोठारी ने दिल्ली रोड स्थित राही होटल में मुरादाबाद नगर विधानसभा से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता व भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता के सौजन्य से हो रही सात दिवसीय श्रीमदभागवत कथा के चतुर्थ दिन रविवार को भक्तों को संबोधित करते हुए कहीं। आज भागवत कथा सुनने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह भी सपरिवार पहुंचे।
कथा व्यास ने बताया कि पितृ पक्ष के दौरान, जिस तिथि पर आपके पूर्वज का निधन हुआ था, उसी दिन दोपहर के समय तर्पण करना सबसे शुभ माना जाता है। अगर आपको तिथि याद नहीं है, तो आप सर्वपितृ अमावस्या के दिन तर्पण कर सकते हैं।
श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पितृपक्ष में श्रीमद् भागवत कथा कराना और उसका श्रवण करना बहुत ही लाभकारी होता है। उन्होंने कहा भगवान का कोई अंत नहीं है इसलिए उन्हें अनंत कहते हैं। भगवान आदि से अंत तक है।
मुख्य यजमान के रूप में मुरादाबाद नगर विधायक रितेश गुप्ता व भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता रहीं। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक बृजमोहन, विभाग संघ चालक सुरेंद्र, राकेश आहूजा, वरिष्ठ समाजसेवी अरविंद गोयल, अजय अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा शेफाली सिंह, एमएलसी डा जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, सहकारी बैंक के चेयरमैन विजय भान सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष आकाशपाल, नीरज गुप्ता, विपिन गुप्ता, निमित जायसवाल, ठाकुर राकेश सिंह, संजय शर्मा, डा विशेष गुप्ता, मनमोहन सैनी, डॉ पवन अग्रवाल, दीपक बाबू सीए, विवेक भारती धर्मेश सैनी आदि उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
