
मुरादाबाद, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला कल्याण की टीम ने शुक्रवार काे पीएमश्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लाइनपार कुंदनपुर पहुंचकर छात्राओं को उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। प्रदेश सरकार के चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के महत्व और उद्देश्य के बारे में भी अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि छात्राएं हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1098, 1076 को हमेशा याद रखें, जरूरत पड़ने पर तुरंत इसका उपयोग करें।
जिलाधिकारी अनुज सिंह और मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग की टीम लगातार विभिन्न चिन्हित स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करके बेटियों और महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक कर रही है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से उन्हें आवागमन के दौरान होने वाली सामान्य तौर पर समस्याओं के बारे में भी चर्चा की गई।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता भी बताई गई। कार्यक्रम में सभी छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1098, 1076 के साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी जानकी आर्या, विद्यालय की प्रधानाचार्य मुक्ता अग्रवाल, मनोसामाजिक परामर्श दाता तनीषा दिवाकर, ऑल इंडिया वूमेन कांफ्रेंस की अध्यक्ष रीता सिंह केस वर्कर जिल्लेहुमा आदि मौजूद रहे। मिशन शक्ति के अंतर्गत 22 सितंबर से 90 दिवस के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
————–
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
