Haryana

गुरुग्राम: दहेज में महंगी कार व 11 लाख नहीं मिले तो विवाहिता को घर से निकाला

-विवाहिता ने ससुरालियों पर प्रताडऩा के लगाए आरोप

गुरुग्राम, 22 जून (Udaipur Kiran) । एक विवाहिता ने दहेज में महंगी कार व 11 लाख रुपए नहीं देने पर ससुरालियों पर प्रताडि़त करने व मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि ससुरालजनों ने उसके पिता व भाई के साथ भी हाथापाई की। उसके देवर ने भी उसके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया गया। पटौदी पुलिस थाना में पुलिस ने महिला के पति, देवर, सास व ससुर पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में पटौदी के गांव महनियाबास की रहने वाली रेणुका ने कहा कि उसकी शादी वर्ष 25 नवंबर 2020 में रेवाड़ी के अश्वनी से हुई थी। वह इंजीनियर है और उसकी मसानी में कंपनी है। रिश्ता होने के बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से महंगी कार व 11 लाख रुपए मांगे जाने लगे। काफी कहासुनी के बाद शादी में सियाज कार व नगदी दी गई। विवाह में करीब 35 लाख रुपए खर्च किए गए। लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से खुश नहीं थे और उसे प्रताडि़त करने लगे। उसके साथ गाली-गलौच की जाती और मारपीट भी की जाने लगी। दहेज में मंहगी कार व 11 लाख रुपए नहीं देने पर उसे बार-बार मायके भेज दिया जाता। पति अश्वनी ने भी उसके साथ संबंध नहीं रखा और अक्सर रात में किसी और महिला के साथ चैटिंग करता रहता। किसी त्योहार पर जब भी उसका भाई कुछ लेकर आता तो ससुराल वाले उसके साथ भी बुरा बर्ताव करते।

कई बार उसे घर से निकाल दिया गया। उसके पिता की मिन्नत करने व 11 रुपए देने के आश्वासन पर उसे ससुराल में आने दिया जाता। ससुराल में उसके साथ उसके देवर आशीष द्वारा भी मारपीट की गई। विवाहिता का कहना है कि 10 मार्च 2023 को उसे एसएससी की परीक्षा देने के लिए जाना था। इसी दौरान उसे कार में बैठाकर रवाना कर दिया गया और घर से निकाल दिया। इसके बाद भी तीन बार पंचायत की गई, लेकिन उसे ससुराल में नहीं आने दिया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति अश्वनी, सास उर्मिला, ससुर दिनेश सिंह व देवर आशीष पर केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top