Jharkhand

ब्यूरोक्रेट्स साथ दे तो रांची को एक साल में एक नंबर शहर बनाएंगे : संजय सेठ

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते संजय सेठ

-स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपने जीवन में सभी लोग उतारे

रांची, 20 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि 21 जून को पूरा देश 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनायेगा। पूरे देश भर में एक लाख जगह पर और 175 देश में योग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह कोई राजनीति नहीं करना चाहते, वे रांची को बचाने आए हैं l उन्होंने आरोप लगाया कि रांची नगर निगम के अकर्मण्यता के कारण रांची में चारों तरफ पानी भरा हुआ है। हर तरफ घर, दुकान डूबी हुई हैं। यह सब नगर निगम की अकर्मण्यता है। उन्होंने कहा कि ब्यूरोक्रेट्स अगर साथ दे तो इंदौर को पछाड़कर रांची को एक साल में एक नंबर शहर बनाएंगे।

रक्षा राज्य मंत्री सेठ शुक्रवार को अरगोड़ा स्थित सांसद कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि देश के लोग निरोगी रहें। इसका असर है कि आज पूरा विश्व योग को अपनाकर अपने स्वास्थ्य जीवन का लाभ ले रहे हैं। कोरोना काल में लोगों ने योग को अपनाकर अपनी जान बचाई प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से हम लोग सभी योग के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। वे कांके के कुम्हारिया गांव में प्रधानमंत्री स्कूल में शनिवार को ग्रामीणों के साथ योग करेंगे। इस योग कार्यक्रम में 20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी भाग लेंगेl

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से जो रांची में हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। इसका दोषी कौन है, मैं कोई राजनीति नहीं करना चाहता, मैं रांची को बचाने आया हूं l रांची नगर निगम की अकर्मण्यता के कारण रांची के चारों तरफ पानी भरा हुआ है। हर तरफ घर, दुकान डूबी हुई हैं। यह सब नगर निगम की अकर्मण्यता के कारण है। रांची के लोगों का जीवन नरकीय बन गया है। उन्होंने कहा कि ब्यूरोक्रेट्स अगर साथ दे तो हम इंदौर को पछाड़कर रांची को एक साल में एक नंबर शहर बनाएंगे।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि रांची की ऐसी नरकीय स्थिति का एक बड़ा कारण नगर निगम का चुनाव नहीं होना भी है। चुनाव होने के बाद संबंधित वार्ड सदस्य अपने-अपने क्षेत्र की देखरेख और साफ सफाई की जिम्मेदारी लेते हैं। इसके परिणाम स्वरूप जल जमाव नहीं हो पता है। पार्षद सालों भर अपने-अपने मोहल्लों की नालियों की सफाई करते रहते हैं परंतु चुनाव नहीं होने से पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। यह सोचने वाली बात है कि पहाड़ी इलाका रांची जलमग्न कैसे हो रहा है? आखिर नगर निगम के चुनाव क्यों नहीं हो रहे हैं। इसके लिए जिम्मेदार कौन हैं। दो दिन की बारिश में लोगों के करोड़ों रुपये की संपत्ति बर्बाद हुई इसका जिम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि जहां-तहां बड़े-बड़े नालों पर अतिक्रमण भी जल जमाव का एक बड़ा कारण बन चुका है। बड़े-बड़े नालों की सफाई नहीं हो पाती है, जिस वजह से कई मोहल्ले डूबे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि जब शहर का यह हाल है तो ग्रामीण का क्या हाल होगा। बिजली आपूर्ति की भी वही दुर्दशा है पूरा शहर और गांव अंधकार में है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन रांची वासियों की चिंता करे और प्राथमिकता के आधार पर इस दिशा में काम शुरू होना चाहिए। कल योग दिवस के अवसर पर सभी सभी मंडल के बीच केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री की ओर से योग किट वितरण किया गया।

इस प्रेस वार्ता में रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू महामंत्री बलराम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top