
हुगली, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । जिले में उत्तरपाड़ा थानांतर्गत कोन्नगर के मास्टरपाड़ा इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या के बाद बुधवार सुबह थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित का नाम अशोक चटर्जी (55) है। उसकी पत्नी सबिता चटर्जी (59) से अक्सर झगड़े होते रहते थे। मंगलवार रात दोनों के बीच जोरदार बहस हुई और इसी दौरान अशोक ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के बाद बुधवार सुबह आरोपित घर का दरवाजा बंद कर बाहर निकल गया। वह सबसे पहले अपनी बहन के घर पहुंचा और हत्या की बात कबूलते हुए उन्हें प्रणाम किया। उसने एक रिश्तेदार को फोन पर घटना की जानकारी दी और सीधे थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर का ताला तोड़कर अंदर जाने पर सबिता का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे। मंगलवार रात भी दोनों के बीच जोरदार कहासुनी सुनी गई थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
