Delhi

पत्नी की हत्या के मामले में पति गिरफ्तार

पुलिस का लोगो

नई दिल्ली, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर पश्चिमी जिले के महेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान जहांगीरपुरी निवासी विष्णु शर्मा (31) के रूप में हुई है। आरोपित पहले भी आबकारी अधिनियम और चोरी के तीन मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित विष्णु शर्मा को शक था कि उसकी पत्नी श्वेता शर्मा के किसी व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। इसी को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। 13 नवंबर की रात लगभग नौ बजे दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। जिसके दौरान आरोपित ने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को उठा कर नजदीक के नाले में फेंक आया, ताकि सबूत नष्ट हो जाएं।

उत्तर पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने सोमवार को बताया कि 14 नवंबर की शाम 4.30 बजे पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली। जिसमें जहांगीरपुरी के इंडस्ट्रियल एरिया में नाले के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव बरामद किया। इसी दौरान आरोपित विष्णु स्वयं मौके पर पहुंचा और मृतका को अपनी पत्नी बताते हुए पूरी घटना कबूल कर ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें स्पष्ट रूप से आरोपित को पत्नी का शव कंधे पर उठाकर नाले की ओर जाते हुए देखा गया।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी