WORLD

अमेरिका में तूफान एरिन हुआ खतरनाक, मैरीलैंड के असैटेग द्वीप और ओशन सिटी के समुद्र तट बंद किए गए

a2f21dddbac2fe384994ff95122b8134_396739140.jpg

वाशिंगटन, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । इस साल के पहले शक्तिशाली तूफान एरिन के कारण उत्पन्न खतरनाक और ऊंची लहरों के चलते आज मैरीलैंड के असैटेग द्वीप और ओशन सिटी के समुद्र तट बंद कर दिए गए। मियामी स्थित राष्ट्रीय तूफान केंद्र का कहना है कि तूफान एरिन शुक्रवार तक उत्तर-पूर्वी अमेरिकी तट से दूर हो जाएगा, लेकिन कई पूर्वी समुद्र तटों पर तैरना कुछ दिनों तक जोखिम भरा होगा।

सीबीएस न्यूज चैनल के अनुसार, केंद्र ने कहा कि एरिन उत्तर की ओर बढ़ने के साथ आज रात तक उत्तर उष्णकटिबंधीय क्षेत्र से दूर हो जाएगा। मगर सप्ताहांत तक निम्न दबाव तंत्र बना रहेगा। यह 2025 का पहला अटलांटिक तूफान है। शुक्रवार तड़के यह मध्य पूर्वी तट से दूर अटलांटिक महासागर से होते हुए आगे बढ़ा। राष्ट्रीय तूफान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह 5 बजे पूर्वी समय तक एरिन के प्रभाव से 90 मील प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। इस समय तूफान का केंद्र बरमूडा से लगभग 435 मील उत्तर और कनाडा के हैलिफैक्स से 425 मील दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में था। इस तूफान को 74 मील प्रति घंटे से 95 मील प्रति घंटे की गति से चली हवाओं के कारण श्रेणी 1 में परिभाषित किया गया है।

राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने कहा कि एरिन रात को अटलांटिक कनाडा के दक्षिण से गुजरता हुआ उत्तरी अटलांटिक की तरफ तेजी से बढ़ेगा। स्पेगेटी मैप से पता चला है कि तूफान अपने शुरुआती दिनों में कैरिबियाई द्वीपों के किनारे से गुजरता हुआ अटलांटिक महासागर की ओर मुड़ा। ऊंची लहरों और संभावित बाढ़ से पहले आउटर बैंक्स के हैटेरस द्वीप और ओक्राकोक द्वीप को खाली करने के आदेश दिए गए। एरिन तूफान के कारण वर्जीनिया में भी तटीय बाढ़ आई। न्यूयॉर्क शहर के क्वींस बरो और लॉन्ग आइलैंड भी बाढ़ से अछूते नहीं रहे।इस कारण क्षेत्र के समुद्र तटों और जर्सी तट के किनारे तैराकी प्रतिबंधित कर दी गई। दक्षिण फ्लोरिडा से लेकर न्यू इंग्लैंड तक कई समुद्र तटों को तैराकों के लिए बंद कर दिया गया।

अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने इस वर्ष अटलांटिक महासागर में सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान जताया है। अनुमान जताया गया है कि इस वर्ष पांच से नौ तूफान हरिकेन (उष्णकटिबंधीय चक्रवात) बन सकते हैं। इस मौसम में अटलांटिक महासागर में अधिकतम पांच बड़े तूफान आ सकते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top