HimachalPradesh

हिमाचल में उमस बढ़ी, 4 अक्तूबर से बारिश के आसार

शिमला में खिली धूप का लुत्फ उठाते सैलानी

शिमला, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। रोजाना खिली धूप ने लोगों और सैलानियों का मन खुश कर दिया है। पूरे प्रदेश से मानसून 26 सितंबर को विदा हो चुका है। राजधानी शिमला में रविवार को दिनभर गुनगुनी धूप खिली रही, जिसका आनंद घूमने आए पर्यटकों ने भरपूर उठाया। वीकेंड पर शिमला में सैलानियों की आमद भी बढ़ गई है और पर्यटन कारोबार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। रविवार को शहर के होटलों में करीब 30 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिन तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि 4 अक्तूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उस दिन मैदानी इलाकों में तो मौसम साफ रहेगा, लेकिन मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने इस दौरान कहीं भी बर्फबारी की संभावना से इनकार किया है।

मौसम साफ होने से प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में पारा बढ़ने से उमस महसूस की जा रही है। रविवार को राज्य का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। ऊना सबसे गर्म रहा, जहां पारा 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हमीरपुर के नेरी में 34.5, बिलासपुर में 34.2, कांगड़ा में 33.4 और सुंदरनगर में 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार की तुलना में 2.9 डिग्री कम रहा। हालांकि शिमला समेत अन्य हिल स्टेशनों में सुबह और शाम हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।

लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में रात का पारा गिरना शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री, कल्पा का 10.8, केलंग का 8, कुकुमसेरी का 8.3, मनाली का 14.2 और कुफरी का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top