Uttar Pradesh

सपने को हकीकत में बदलने के लिए कठिन मेहनत जरू – हृदय नारायण दीक्षित

उन्नाव, 19 जून (Udaipur Kiran) । व्यक्ति को सपने अवश्य पालना चाहिए। बिना सपने पाले कोई लक्ष्य हासिल नहीं होता है। उक्त विचार कस्बे के मिर्री चौराहा पर आयोजित सम्मान समारोह व विचार गोष्ठी कार्यक्रम में पद्मश्री पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कही। व्यापार मंडल द्वारा गुरुवार को पद्मश्री पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित का स्वागत समारोह व विचार गोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे पद्मश्री पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित का बैंड बाजे के साथ स्वागत किया गया। हृदय नारायण दीक्षित ने मां सरस्वती की फोटो पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि व्यक्ति को सपने अवश्य पालना चाहिए। सपने पालने से उसका एक लक्ष्य होता है। उसपर वह मेहनत करता है। व्यक्ति मेहनत करेगा तो उसका सपना अवश्य सफल होगा। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार पुरवा विधानसभा से विधायक बने थे तो दूसरी विधानसभा भगवंतनगर के लोगों ने बीघापुर को तहसील बनाने की मांग की थी। उसका सपना हमने देखा था। संसदीय कार्य मंत्री बनने पर बीघापुर को तहसील बनवाया गया। दीक्षित ने कहा कि डरने की आवश्यकता नहीं है। आप लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सदैव साथ रहूंगा। पीएम मोदी के कार्यकाल में जितने विकास हुए हैं, वह हम या भाजपा के लोग ही नहीं कहते बल्कि विरोधी भी मोदी के कार्यों की सराहना करते हैं।

उन्होंने कहा कि जब तुम्हारे साथ कोई न हो और कोई तुम्हारा साथ न दे तो आप अकेले चलो। अकेले चलकर भी कई मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।कार्यक्रम को राव आईएएस के डायरेक्टर अंशुमान द्विवेदी, मेडिकल कॉलेज के विभागाध्यक्ष प्रोपेसर कृष्णदत्त, लखनऊ विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष दर्शन शास्त्र, ज्योतिष प्रोपेसर विपिन पांडेय, भाजपा नेता उत्तम चंद्र लोधी ने भी संबंधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव व संचालन पूर्व चेयरमैन योगेंद्र द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम समापन के बाद हाईस्कूल व इंटर में इसी वर्ष अच्छे नंबरों के साथ पास हुए दस छात्रों को ट्राफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया। लोगों ने श्री दीक्षित को अंग वस्त्र व स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया। इस दौरान, भाजपा नेता अरुण दीक्षित, दिलीप दीक्षित, विकास शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष गंगा प्रसाद वर्मा, अखिल श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार वर्मा, सोनू सिंह, शिवकंठ त्रिपाठी, कपिल त्रिपाठी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / अरुण कुमार दीक्षित

Most Popular

To Top