
समस्तीपुर, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के आगमन में लगातार वृद्धि हो रही है। इस दौरान रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और पर्व के माहौल को जीवंत बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। स्टेशन परिसर,यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी देने के साथ-साथ, उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ के पारंपरिक भोजपुरी गीतों आनंद भी उठाने दे रही है।स्टेशन परिसर में छठ गीतों की मधुर गूंज से भक्तिमय वातावरण बन गया है। इस सांस्कृतिक पहल से यात्रियों को अपने घर पहुंचने से पहले ही पर्व की महक और एक आत्मिक सुकून मिल रहा है।
महिला यात्रियों में खास तौर पर उत्साह देखा जा रहा है, जो इन गीतों को सुनकर भावुक हो रही हैं। पर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशाल ‘होल्डिंग एरिया’ बनकर तैयार हो गया है। यह होल्डिंग एरिया यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ से बचाकर, आराम से अपनी ट्रेन का इंतज़ार करने की जगह देगा।
होल्डिंग एरिया में विशेष सुविधाएं
इस अस्थायी वेटिंग एरिया में यात्रियों के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं, जिनमें शामिल हैं:
टिकट काउंटर: यात्रियों को टिकट संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त काउंटर।
चिकित्सा सुविधा: किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल बूथ।
सुरक्षा सुविधा: यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती।
ट्रेन सूचना: बड़ी स्क्रीन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की लगातार जानकारी।
समस्तीपुर रेल मंडल की यह पहल न केवल यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बना रही है, बल्कि छठ महापर्व के पावन अवसर पर स्टेशन परिसर में भी श्रद्धा और उल्लास का माहौल स्थापित कर रही है।
(Udaipur Kiran) / त्रिलोकनाथ उपाध्याय