
चेन्नई, 23 जून (Udaipur Kiran) । मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में चल रहे प्रथम हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 के छठे दिन मुकाबले और भी रोमांचक हो गए। जहां महिला वर्ग में पूल चरण के मुकाबले समाप्त हुए, वहीं पुरुष वर्ग में पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए।
दिन की शुरुआत महिला वर्ग के एक कड़े मुकाबले से हुई, जिसमें हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी हरियाणा को 3-2 से हराया। ओडिशा के लिए रंजीता बेक ने दो गोल (5’, 37’) किए, दोनों पेनल्टी कॉर्नर से, जबकि सरिता रोशन मिन्ज (11’) ने एक फील्ड गोल किया। हरियाणा की ओर से चिंगशुबम संगाई इबेमहल (28’, 39’) ने दो शानदार फील्ड गोल किए, लेकिन उनकी टीम हार टाल नहीं सकी।
दूसरे महिला मुकाबले में हॉकी पंजाब ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाते हुए हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 3-0 से पराजित किया। पंजाब की ओर से नीति (32’) ने खाता खोला, जिसके बाद मीनाक्षी (49’) और जसप्रीत कौर (56’) ने एक-एक गोल कर जीत सुनिश्चित की।
महिला वर्ग के पूल चरण के बाद पूल ए में हॉकी कर्नाटका ने 9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। हॉकी हिमाचल, केरल हॉकी और हॉकी महाराष्ट्र के तीन-तीन अंक थे, लेकिन गोल अंतर के आधार पर इन्हें क्रमशः दूसरा, तीसरा और चौथा स्थान मिला।
पूल बी में हॉकी पंजाब ने 9 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहते हुए सभी मुकाबले जीते, जबकि हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने 6 अंकों के साथ दूसरा स्थान पाया। हॉकी हरियाणा तीसरे और हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु बिना किसी जीत के चौथे स्थान पर रही।
पुरुष वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी पंजाब को 8-2 से हराया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। एस. सुदर्शन (10’) ने पेनल्टी कॉर्नर से शुरुआत की, इसके बाद कप्तान एडम एंटनी सिंक्लेयर (12’) ने फील्ड गोल किया। सबसे शानदार प्रदर्शन डी. मुथुसेलवन ने किया, जिन्होंने चार गोल (20’, 47’, 53’, 55’) दागे। इसके अलावा रमेश नल्लमुथु (38’) और विनोथ कुमार एपी (43’) ने भी गोल किए। पंजाब की ओर से राम सरन (30’) और कप्तान रिपुदमन कुमार सिंह (40’) ने एक-एक गोल किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
दिन के अंतिम मुकाबले में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 6-2 से हराते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया। कप्तान बरला लाजरुस (5’, 36’) ने पेनल्टी स्ट्रोक और पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिए दो गोल किए। संतियल मुंडू (10’), साइप्रियन केरकेट्टा (21’) और अनिल कुल्लू (51’, 59’) ने भी गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। आंध्र प्रदेश की ओर से दीपक आकाश बाचू (7’) और मंचाला अजय बाबू (30’) ने एक-एक गोल किया।
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
