
-निलेश टोक्यो में दौड़ेंगे 100 और 200 मीटरहिसार, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र के छात्र निलेश ने टोक्यो में होने वाले डीफ ओलंपिक-2025 के लिए 100 और 200 मीटर दौड़ में स्थान पक्का किया। अहमदाबाद में हुए ट्रायल में प्रथम स्थान हासिल कर निलेश ने यह उपलब्धि हासिल की।
श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र के सहायक निदेशक अमित ने रविवार काे बताया कि यह उपलब्धि न केवल हमारे विद्यालय के लिए बल्कि पूरे जिले एवं राज्य के लिए गर्व का विषय है। निलेश की मेहनत, लगन एवं अनुशासन ने यह सिद्ध कर दिया है कि दिव्यांगजन भी किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। सहायक निदेशक अमित चौधरी ने कहा कि कल फोन के माध्यम से निलेश के पिता द्वारा मिली जानकारी से पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है। निलेश ने हमारे विद्यायल से ही 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। निलेश की यह सफलता हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि निलेश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाएंगे और देश का परचम लहराएंगे। टोक्यो ओलंपिक में निलेश देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने प्रदेश ओर देश को गोल्ड मैडल देने का काम करेगा। सहायक निदेशक ने बताया कि 26 अगस्त को निलेश का विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
