
हिसार, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारत रक्षा मंच का शस्त्र पूजन कार्यक्रम गुरुग्राम
जिले के सोहना में बड़े उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम
में मंच के राष्ट्रीय संगठन मन्त्री एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व वरिष्ठ प्रचारक
महावीर सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय मन्त्री
एवं उत्तर क्षेत्र संगठन मन्त्री सत्यवान बिरला ने की। कार्यक्रम के दौरान मंच की हरियाणा
प्रान्त की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
मंच के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शशांक चोपड़ा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की
सर्वसम्मति से हरियाणा प्रांत के नये दायित्वों की घोषणा की। इसमें हिसार निवासी राजेन्द्र
ढाका को हरियाणा प्रांत का संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। इसके साथ ही प्रोफेसर सुनील
कुमार को प्रांत महामंत्री तथा मास्टर रणबीर और सुशील जोशी को प्रांत मंत्री की जिम्मेदारी
सौंपी गई है।
यह नियुक्तियां मंच के आगामी कार्य विस्तार और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान
में रखते हुए की गई हैं। नव नियुक्त प्रांत संगठन मंत्री राजेन्द्र ढाका ने शनिवार काे राष्ट्रीय नेतृत्व
का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय संगठन के मार्गदर्शन में हरियाणा प्रांत
में मंच के कार्यों को नई गति और दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि भारत रक्षा मंच का
उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक गौरव और समाज में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़
करना है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हरियाणा के लगभग सभी जिलों में मंच की कार्यकारिणी
का गठन किया जा चुका है। जिन जिलों में यह प्रक्रिया शेष है, वहां जल्द ही कार्यकारिणी
बनाई जाएगी। साथ ही मंच की गतिविधियों को तहसील और ब्लॉक स्तर तक विस्तार देने की योजना
पर भी कार्य किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
