


– भारतीय वाल्मीकि जन विकास संघ द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन संपन्न
रीवा, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि वाल्मीकि समाज भी शिक्षा के प्रति जागरूक है। उन्होंने अपने बच्चों को कड़ी मेहनत कर पढ़ाया है। शिक्षा से ही विकास होता है और सुनहरे सपने शिक्षा के ही माध्यम से साकार होते हैं। शिक्षित व्यक्ति ही समाज और देश का नेतृत्व करता है। बाल्मीकि समाज के बच्चों के सम्मान से उनके माता-पिता गौरवान्वित हुए हैं। बच्चों के सम्मान से उनके परिजनों का भी सम्मान हुआ है।
उप मुख्यमंत्री शुक्रल रविवार को रीवा के मानव भवन में भारतीय वाल्मीकि जन विकास संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान प्राप्त करने से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उनसे प्रेरणा लेकर अन्य विद्यार्थी व परिजन शिक्षा के प्रति अपनी रूचि को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के विद्यार्थी प्रतिभावान हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अपेक्षा की कि समाज के बच्चे लगन से शिक्षा लेकर आगे भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने बाल्मीकि समाज द्वारा प्रस्तुत मांगों से सहमत होते हुए उनकी पूर्ति कराए जाने के लिए आश्वस्त किया।
कार्यक्रम को पूर्व पार्षद सतीश सोनी एवं शिवदत्त पाण्डेय, हेमलता सिंह, चिंटू सोनी एवं सुरेशचन्द्र ने भी संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री का वाल्मीकि समाज द्वारा शॉल एवं प्रतीक चिन्ह सौंपकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर एनडी अटवाल, अटल हरिओम, राजेन्द्र करोसिया, मुन्ना वाल्मीकि, बुद्धसेन करोसिया, संगीता करोसिया सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग, प्रतिभाशील विद्यार्थी तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं एवं डेयरी विभाग के परिसर में स्थापित पशुपतिनाथ मंदिर में आयोजित मानस पाठ के समापन अवसर पर पशुपतिनाथ भगवान एवं हनुमान जी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उप मुख्यमंत्री ने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं राजेश मिश्रा को उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने मनकामेश्वर मंदिर में निर्माणाधीन कार्यों का लिया जायजा
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा शहर के कोठी कंपाउण्ड में स्थित मनकामेश्वर मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना भी की।
(Udaipur Kiran) तोमर
