Jammu & Kashmir

मद्र-ए-महरबान बेगम अकबर जहां की पुण्यतिथि पर उनके नेक कार्यों को किया गया स्मरण

मद्र-ए-महरबान बेगम अकबर जहां की पुण्यतिथि पर उनके नेक कार्यों को किया गया स्मरण

जम्मू, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । नेशनल कांफ्रेंस ने शुक्रवार को शेर-ए-कश्मीर भवन, जम्मू में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर मद्र-ए-महरबान बेगम अकबर जहां अब्दुल्ला की 25वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का नेतृत्व नेकां महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक बिमला लूथरा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कुरान ख्वानी से हुई जिसके बाद पुष्पांजलि और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धा से स्मरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता व स्थानीय जनता ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बेगम अकबर जहां को करुणा, संकल्प और जनसेवा की प्रतीक बताते हुए कहा कि वे केवल शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की पत्नी ही नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय की प्रबल पक्षधर थीं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण पर केवल खोखले दावे किए गए, जबकि नेक सरकार ने महज आठ महीनों में महिलाओं के लिए कई योजनाएं लागू कीं।

पूर्व मंत्री अजय सढोत्रा और प्रांतीय अध्यक्ष रत्तन लाल गुप्ता ने भी बेगम साहिबा को याद करते हुए उन्हें पार्टी की अंतरात्मा बताया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर महिलाओं को आगे आना होगा और नेक की विचारधारा को मजबूत करना होगा। कार्यक्रम के अंत में पार्टी ने बेगम साहिबा की शिक्षाओं और आदर्शों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसी तरह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम नेक की जिला इकाइयों द्वारा जम्मू संभाग में अन्य स्थानों पर भी आयोजित किए गए।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top