Bihar

हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल का गुरु दक्षिणा उत्सव भव्यता के साथ हुआ सम्पन्न

पूर्वी चंपारण, 02 अगस्त (Udaipur Kiran) ।

हिंदू धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल द्वारा आयोजित श्री गुरु दक्षिणा उत्सव कार्यक्रम शनिवार को वीरगंज आदर्शनगर स्थित रानी सती धर्मशाला में अत्यंत भव्य रूप में सम्पन्न हुआ।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुरु परंपरा का सम्मान करते हुए राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पण भाव को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा, जिसे आयोजकों ने स्पष्ट किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर बिहार के प्रांत प्रचारक रबि शंकर जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा नेपाल में हिंदुत्व की भावना राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शन करती है। हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से जो सेवा कार्य किए जा रहे हैं, वे अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय हैं।

यह अभियान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला है। नेपाल अपनी हिंदू राष्ट्र की पहचान के साथ विश्वभर में हिंदू चेतना का केंद्र बन सकता है, और इसके लिए हम सभी को सजग होकर आगे बढ़ना आवश्यक है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, डा. नीरज कुमार सिंह (कन्सल्टेन्ट फिजीशियन, नारायणी अस्पताल एवं नेपाल चिकित्सक संघ के केन्द्रीय उपाध्यक्ष) ने कहा स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और संस्कृति— ये चारों क्षेत्र जब साथ-साथ आगे बढ़ते हैं, तभी एक समृद्ध समाज का निर्माण संभव होता है।

हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल ने जिस समर्पण भाव से समाज परिवर्तन और चरित्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाई है, वह अनुकरणीय है।विशेष रूप से आज की युवा पीढ़ी को सेवा, संयम और सुसंस्कार के मार्ग पर अग्रसर करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम संयोजक एवं वीरगंज विभाग संघचालक अशोक बैध ने अपने विचार साझा करते हुए कहा आज के समाज में बढ़ती विकृति और विसंगतियों के बीच यदि कोई संस्था सच्चे संस्कार, समर्पण और राष्ट्रप्रेम के साथ हिंदू राष्ट्र और हिंदुत्व की रक्षा में कटिबद्ध है, तो वह है हिंदू स्वयंसेवक संघ है।यह कार्यक्रम हम सभी के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लेकर आया है।हमें तन, मन और धन से राष्ट्र और नेपाल माता के लिए योगदान देना चाहिए। यही भावना हमें आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में गुरुपूजन, गुरुदक्षिणा अर्पण,

संघ कार्य के प्रति पुनः प्रतिबद्धता की शपथ तथा धार्मिक राष्ट्रहित पर आधारित विचार-विमर्श मुख्य आकर्षण रहे।इस अवसर पर हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी, स्वयंसेवक, बुद्धिजीवी, चिकित्सक, व्यापारी, शिक्षाविद् एवं युवा वर्ग की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

—————

(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार

Most Popular

To Top