
शिमला, 18 जून (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 में आई भीषण प्राकृतिक आपदाओं बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं के बाद केंद्र सरकार ने राज्य को 2006.40 करोड़ रुपये की पुनर्प्राप्ति और पुनर्निर्माण योजना के तहत सहायता प्रदान की है। इस निर्णय पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है। नड्डा ने कहा है कि संकट की घड़ी में केंद्र सरकार द्वारा देवभूमि को दी गई यह सहायता राज्य के आपदा प्रभावित नागरिकों के लिए बहुत बड़ा संबल है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हमेशा राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है।
उल्लेखनीय है कि यह राहत राशि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा स्वीकृत की गई है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान संपूर्ण देश में 28 राज्यों को SDRF के तहत 20,264.40 करोड़ रुपये और 19 राज्यों को NDRF के तहत 5,160.76 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। मोदी सरकार देश को आपदा प्रतिरोधी बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रभावी कदम उठा रही है ताकि आपदाओं के दौरान जान-माल का न्यूनतम नुकसान हो।
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सतपाल सत्ती, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार ने भी प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह के प्रति आभार व्यक्त किया है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
