HEADLINES

प्रिया की याचिका पर संजय कपूर की वसीयत से हाई कोर्ट ने हटाया बहन मंदिरा का नाम

दिल्ली हाई कोर्ट

नई दिल्ली, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के दो बच्चों की ओर से अपने स्वर्गीय पिता संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर की याचिका मंजूर करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय की जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच ने इस मामले की कार्यवाही से संजय कपूर की बहन मंदिरा कपूर का नाम हटा दिया है।

सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर की ओर से पेश वकील राजीव नय्यर ने कहा कि कोर्ट की कार्यवाही में मंदिरा कपूर का नाम पिछले दरवाजे से फायदा पहुंचाने की कोशिश है। प्रिया कपूर की याचिका में कहा गया था कि मंदिरा कपूर इस याचिका में पक्षकार भी नहीं है, उसके बावजूद उनका नाम कोर्ट की कार्यवाही में दर्ज है।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रिया कपूर को संजय कपूर की संपत्ति का पूर्ण विवरण दाखिल करने का निर्देश दिया था। करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रुप में उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके आरोप लगाया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ की है। याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर संजय कपूर की पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण चाहती हैं। यही वजह है कि संजय कपूर की वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई हक नहीं दिया गया है।

उच्च न्यायालय में दायर याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत संजय कपूर की मौत के सात हफ्तों तक छिपाए रखा। वसीयत का खुलासा 30 जुलाई को तब किया गया, जब एक पारिवारिक बैठक थी। संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च, 2025 की बतायी जा रही है। इस वसीयत के मुताबिक संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर की होगी।

संजय कपूर की मौत 12 जून को पोलो खेलने के दौरान ब्रिटेन के विंडसर में हुई थी। याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने कहा है कि उनका संजय कपूर के काफी नजदीकी रिश्ता था और वे अक्सर छुट्टियों में जाकर उनसे मिलते थे। संजय कपूर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और वित्तीय सुरक्षा का हमेशा ही आश्वासन देते थे। याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने मांग की है कि उन्हें संजय कपूर का प्रथम श्रेणी का उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और संजय कपूर की संपत्ति में से उन्हें पांचवे हिस्से का अधिकार दिया जाए। याचिका में अंतरिम मांग की गई है कि याचिका के निस्तारण तक संजय कपूर के व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज किया जाए।

(Udaipur Kiran) /संजय

—————

(Udaipur Kiran) / अमरेश द्विवेदी

Most Popular

To Top