
प्रयागराज, 10 जुलाई (Udaipur Kiran) । हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बृहस्पतिवार को चुनाव समिति ने विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी। इस बार कुल 200 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे।
चुनाव अधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 11 दावेदार मैदान में हैं। इनमें अमित कुमार, अशोक कुमार सिंह, अविनाश चंद्रा, चंद्र प्रकाश उपाध्याय, देवी प्रसाद सिंह, लालधारी राजभर, प्रभा शंकर मिश्रा, राकेश पांडेय बबुआ, संतोष कुमार त्रिपाठी, सुरेश चंद्र पांडेय और वीर सिंह शामिल हैं।
वहीं महासचिव पद पर 8 उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी ने बताया कि अखिलेश कुमार शर्मा, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, हरिंद्र प्रसाद, जमील अहमद आजमी, राय साहब यादव, संतोष कुमार मिश्रा, शशि प्रकाश सिंह और उदय शंकर तिवारी ने नामांकन दाखिल किया है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भी मुकाबला कड़ा रहेगा। चुनाव अधिकारी अनिल भूषण ने बताया कि इसके लिए 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें अखिलेश कुमार द्विवेदी, भगवान दत्त पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, कमलेश कुमार द्विवेदी, ममता कुशवाहा, प्रमोद कुमार सिंह, राजेश कुमार दुबे, राजेश त्रिपाठी और राजेश्वर सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर 14, उपाध्यक्ष (5 पद) पर 42, संयुक्त सचिव (प्रशासन) पर 13, संयुक्त सचिव (पुस्तकालय) पर 7, संयुक्त सचिव (प्रेस) पर 13, संयुक्त सचिव (महिला) पर 5 और कार्यकारिणी सदस्य के 15 पदों पर 78 उम्मीदवारों ने दावेदारी की है।
मुख्य चुनाव अधिकारी आरके ओझा ने सभी प्रत्याशियों से आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर जांच कर उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / रामानंद पांडे
