
शिमला, 08 अगस्त (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार काे कहा है कि कांग्रेस संगठन के गठन को लेकर हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, वह सभी को मान्य होगा और वही अंतिम माना जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में संगठन सर्वोपरि होता है, और इसके निर्णयों का सम्मान सभी को करना चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पिछले 9 महीनों से संगठन नहीं होने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में एकजुट होकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओं की आवाज को बुलंद करने में कभी पीछे नहीं हटी हैं और भविष्य में भी ऐसा नहीं होगा।
प्रतिभा सिंह ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति से पार्टी हाईकमान को अवगत करवाया है और संगठन के गठन को लेकर शीर्ष नेतृत्व से विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए, जिनके बाद कांग्रेस की सरकार बनी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मेहनत की है।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा की बदौलत कांग्रेस सत्ता में आई है, इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान किया, जिसके कारण उन्हें छह बार प्रदेश का नेतृत्व करने का मौका मिला।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि होली लॉज हमेशा वीरभद्र सिंह की विकास की सोच और समरसता के मार्ग का अनुसरण करता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत की अनदेखी की गई, तो इससे पार्टी को नुकसान हो सकता है, क्योंकि आज भी प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग उनके विचारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में प्रदेश में नगर निकाय और पंचायत चुनाव होने वाले हैं और ऐसे चुनावों से ही किसी भी पार्टी की विचारधारा को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में मजबूत स्थिति में है, आवश्यकता केवल सरकार और संगठन के बीच तालमेल और आपसी सम्मान की है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
