
धमतरी, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । शहर में मवेशी धरपकड़ अभियान थमने से फिर से वही नजारा दिखाई दे रहा है। शहर से गुजरी राष्ट्रीय राजमार्ग 30 सहित चौक-चौराहों में मवेशियों का जमघट लगा रहता है। सड़क में बैठे मवेशियों से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर औपचारिकता निभाने के लिए किया गया कार्य औपचारिकता ही बनकर रह गया है। सालों से यह स्थिति बनी हुई है। वर्तमान की स्थिति को देखकर ऐसा लग रहा है कि नगर निगम का मवेशी धरपकड़ अभियान कागजों में ही चल रहा है। नगर निगम द्वारा इतवारी बाजार और म्यूनिसिपल स्कूल के पास के मवेशी मालिकाें को सड़क में मवेशी छोड़ने की अघोषित छूट मिली हुई है। यही कारण है कि यहां पर निगम अपना धरपकड़ अभियान नहीं चलाता।
सड़कों पर घूमते मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में हर साल बढ़ोतरी हो रही है। सुगम व सुरक्षित आवाजाही के लिए सड़कों पर से मवेशियों का हटना काफी आवश्यक है। इस दिशा में सकारात्मक कार्य करने की आवश्यकता है। शहर के नागरिक बोधन साहू का कहना है कि नगर निगम को विशेष रूप से अभियान चलाकर शहर की सड़कों पर सरपट दौड़ने वाले मवेशियों की धरपकड़ करनी चाहिए। नगर निगम को औपचारिकता निभाने की बजाय यह कार्य प्राथमिकता से करना चाहिए। निगम के ढुलमुल रवैये के कारण ही सड़कों पर मवेशी घूमते हुए देखे जा सकते हैं।
साधूराम देवांगन का कहना है कि गोठानों में मवेशियों के रहने की बजाय मवेशी सड़क पर नजर आते हैं जो काफी हास्यस्पद है। मवेशी मालिकों पर स्थानीय प्रशासन का किसी तरह का दबाव नहीं है। यही कारण है कि भी सड़कों में मवेशियों को छोड़ देते हैं इससे भले ही लोगों की जान खतरे में पड़ जाए। कई बार मवेशियों से वाहनों की टकराने से दुर्घटना भी हो जाती है। इन सब घटनाओं के बाद भी नगर निगम द्वारा मवेशियों के धर- पकड़ करने की ठोस पहल नहीं की जाती है।
सब्जी चट कर जाते हैं मवेशी
शहर के नागरिक सोहन साहू का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में मवेशियों की आवाजाही शहर के चारों ओर बेधड़क होती है। मुख्य सड़क के अलावा शहर के प्रमुख सब्जी मार्केट, इतवारी बाजार श्यामतराई थोक सब्जी मंडी, रामबाग सब्जी मार्केट, सिहावा चौक के पास स्थित सब्जी मार्केट में मवेशियों की बेधड़क आवाजाही होती है। मवेशी हर दिन सब्जी विक्रेताओं की सब्जी चट कर जाते हैं इससे उन्हें नुकसान होता है। जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा ग्राम अर्जुनी में कांजी हाउस बनाया गया है। यहां पर बेेसहारा मवेशियों को पकड़कर रखा जाता है। जानकारी के अनुसार कांजी हाउस की क्षमता 120 मवेशी रखने की है। वर्तमान में यहां केवल लगभग 70 मवेशी बंद हैं। बीते कई सालों से शहर की स्थिति जस की तस है। शहर के मुख्य राजमार्ग के अलावा सड़क के वार्ड की गलियों में मवेशियों का जमावड़ा है। यदि नगर निगम लगातार मवेशी धरपकड़ अभियान चलाए तो लोगों को राहत मिल सकती है। नगर निगम धमतरी के मवेशी धरपकड़ अभियान प्रभारी चैतन्य सिंह ठाकुर ने कहा कि शहर में आम जनता को राहत देने के लिए मवेशी धरपकड़ अभियान लगातार चलाया जाता है। अन्य विभागीय कार्य के कारण इस पर ब्रेक लगा है, इसे जल्द शुरू किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
