Jharkhand

गुरुजी के विचारों से भटक गए हेमंत सोरेन : सुदेश

सुदेश महतो की फाइल फोटो

रांची, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि हेमंत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। दिशाेम गुरु शिबू सोरेन ने नगड़ी के जमीन बचाओ आंदोलन का समर्थन कर विस्थापित आदिवासियों को खेत जोतने को कहा था। लेकिन आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुजी के विचारों से भटक गए हैं और तानाशाह रवैये पर उतर आए हैं। अबुआ सरकार आदिवासियों के दमन में जुट गई है।

सुदेश ने यह बातें रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहीं।

उन्होंने कहा कि नगड़ी आंदोलन को दबाने के लिए शनिवार की रात पत्रकार तीर्थनाथ आकाश और महिला आदिवासी पत्रकार सुनीता मुंडा को डिटेन किया गया और सुबह में ही पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को नजरबंद किया गया। लेकिन सरकार हजारों आदिवासियों को हल चलाने और रोपा रोपने से नहीं रोक पाई।

सुदेश ने कहा कि सिरमटोली सरना स्थल के सामने रैंप का विरोध करने पर सरना आदिवासियों पर लाठी चली। भोगनाडीह में सिदो–कान्हु के वंशजों पर हूल दिवस पर पुलिस ने लाठी चलाई। सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा को मुठभेड़ के नाम पर मार डाला गया। अब नगड़ी में आंसू गैस और लाठी चलाकर आदिवासी–मूलवासी जनता को भयाक्रांत किया जा रहा है। आजसू पार्टी विस्थापितों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।

झामुमो–कांग्रेस का आदिवासी विरोधी चरित्र उजागर हुआ : प्रवीण

पार्टी नेता प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि नगड़ी में झामुमो–कांग्रेस का आदिवासी विरोधी चरित्र सामने आ गया है। जनता का विश्वास अब इस सरकार पर नहीं रहा। अलग राज्य इसलिए नहीं लिया गया था कि झारखंड की आदिवासी–मूलवासी जनता पर लाठी–गोली चले। रिम्स- 2 अवश्य बनना चाहिए लेकिन खेती की जमीन पर नहीं, बल्कि बंजर जमीन पर।

प्रभाकर ने कहा कि झारखंड में संघर्ष का एक लंबा इतिहास रहा है। साथ ही विस्थापन का भी इतिहास रहा है। अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने आदिवासी जनता पर गोलियां चलाईं और दमन किया। अब झामुमो भी दमनकारी नीति पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार अब ठगुआ सरकार बन गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top