
रांची, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पुंदाग में सोमवार को फुटपाथ में भटक रहे एक मंदबुद्धि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को आश्रम में लाया गया। यह जानकारी संस्था के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी। उन्होंने बताया कि आश्रम की टीम को सूचना मिली कि हेहल बुकरू में एक लावारिस अवस्था में मंदबुद्धि व्यक्ति घूम रहा है। आश्रम की टीम ने उसे बुकरू में जाकर वहां से रेस्क्यू करके आश्रम लाया।
उन्होंने बताया कि मानव सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। इसलिए इस तरह के कार्य किए जाते हैं। अब सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में 40 दिव्यांग निराश्रितों की समुचित देखभाल और सेवा की जा रही है। आश्रम में नए मेहमान के आने के बाद निराश्रितों की संख्या 41 हो गई।
आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि प्रणामी ट्रस्ट के अंतर्गत काम कर रही सामाजिक संस्था श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम पुंदाग में चल रहे मंदबुद्धि, दिव्यांग, निराश्रितों लोगों की निःशुल्क सेवा संस्था जनवरी 2024 से लगातार कर रही है।
अग्रवाल ने बताया कि रेस्क्यु कर आश्रम लाने के बाद निराश्रित को अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच कराई गई। उस व्यक्ति का नाम और पते की कोई जानकारी नहीं मिली है। आश्रम कमेटी ने इसका नाम माधव प्रभु रखा है। आश्रम की टीम को सूचना मिलने पर समय-समय पर जरूरतमंदों को रेस्क्यू किया जाता है। आश्रम में रह रहे इन सभी निराश्रितो को गुरुजी सदानंद जी महाराज के सहयोग से घर जैसा माहौल देने की कोशिश की जाती है। रेस्क्यू टीम में आश्रम के सेवा साथी परमेश्वर साहू, सूरज कुमार और सत्यम कुमार शामिल थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
