मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
मुंबई 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के तटीय इलाकों मंं फिर भारी संकट निर्माण हो गया है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर 2025 तक पश्चिमी तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। राज्य के सभी मछुआरों को हाई अलर्ट पर रहने की चेतावनी देते हुए समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बीच हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटा रहेगी। कुछ स्थानों पर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। भारतीय तटरक्षक बल भी अलर्ट मोड पर आ गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। समुद्र में मछली पकड़ने गई सभी मछुआरों की नौकाओं को सतर्क किया गया है। उन्हें तुरंत सुरक्षित बंदरगाह पर लौटने का आदेश दिया गया है। स्थानीय बंदरगाह अधिकारियों को भी सूचित किया गया है कि वे समुद्र में सभी नौकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार