Maharashtra

फिर भारी बारिश की चेतावनी

Maharashtra, 10 नवंबर (Udaipur Kiran) । मौसम विभाग ने फिर एक बार बारिश की चेतावनी दी है। महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश होगी जबकि कुछ हिस्सों में ठंड बढ़ेगी।

इस साल बेमौसम बारिश से राज्य बड़ा नुकसान हुआ है। हालांकि बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। ऐसा लग रहा था कि बारिश का संकट टल गया है, लेकिन एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। मौसम विभाग ने 9 नवंबर से 13 नवंबर तक कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। देश के अलग-अलग हिस्सों में चार जगहों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसलिए एक बार फिर कई राज्यों में बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग द्वारा दी गई नई चेतावनी के अनुसार, चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना है। जबकि उत्तर भारत में ठंड बढ़ने की संभावना है। पहला चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना है। दूसरा पश्चिम बंगाल क्षेत्र में, तीसरा उत्तरी तमिलनाडु में और चौथा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा में सक्रिय है। इस वजह से पूरे भारत में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है।

अगले चार दिनों तक तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। केरल में भी अगले दो दिनों तक गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। अन्य हिस्सों में तापमान में गिरावट आने और कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, दक्षिणी हरियाणा और महाराष्ट्र में औसत तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे राज्य में शीतलहर तेज हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में ठंड और बारिश दोनों का मौसम देखने को मिल सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार