-सोनीपत में होगा राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन
चंडीगढ़, 4 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 अक्टूबर काे हरियाणा में आएंगे। प्रधानमंत्री के हरियाणा दौरे का ऐलान शनिवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक में किया गया। हरियाणा में लगातार तीसरी बार बनी भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर पीएम मोदी सोनीपत में आएंगे।हरियाणा मंत्रिमंडल की शनिवार को हुई अनौपचारिक बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, डा. अरविंद शर्मा, आरती सिंह राव और कृष्ण कुमार बेदी के अलावा हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली भी शामिल हुए। भाजपा सरकार का एक साल का कार्यकाल 17 अक्टूबर को पूरा हो रहा है। इस दिन पीएम मोदी सोनीपत में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत कर सकते हैं, जिसकी तैयारियों में सरकार जुट गई है। इसी दिन पीएम एक रैली को संबोधित करेंगे, जिसका नाम तय होना बाकी है।
मुख्यमंत्री रविवार को जापान के दौरे पर जा रहे हैं। पहले उन्हें 11 अक्टूबर को वापस आना था, मगर अब मुख्यमंत्री आठ अक्टूबर की रात को वापस लौट आएंगे। दिल्ली लौटते ही उन्होंने नौ अक्टूबर को हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक बुला ली है, जो कि सुबह 11 बजे हरियाणा भवन में होगी। इसी दिन शाम को हरियाणा भवन में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इन दोनों बैठकों में पीएम मोदी के सोनीपत दौरे की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और उन परियोजनाओं पर चर्चा होगी, जिनका उद्घाटन व लोकार्पण प्रधानमंत्री से कराया जाना प्रस्तावित है।
हरियाणा मंत्रिमंडल व भाजपा विधायक दल की बैठकों के बाद 11 अक्टूबर को पंचकूला में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है, ताकि सरकार के साथ-साथ संगठन को भी पीएम मोदी के सोनीपत दौरे की जानकारी दी जा सके। पिछले 11 साल के भीतर पीएम मोदी का यह 17वां हरियाणा दौरा होगा।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने अलग-अलग बात करते हुए पीएम मोदी के 17 अक्टूबर को सोनीपत दौरे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पहले सीएम को जापान से 11 अक्टूबर को आना था, मगर अब वे आठ अक्टूबर को वापस लौट आएंगे और उसके बाद नौ अक्टूबर को दिल्ली में ही दो बैठकें करेंगे। उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर को हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा हो रहा है, जिसके उपलक्ष्य में पीएम मोदी सोनीपत में राज्य के लोगों को कई सौगात प्रदान करेंगे। यह सौगात क्या होंगी, इस बारे में अभी चर्चा होनी बाकी है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
