चंडीगढ़, 8 अगस्त (Udaipur Kiran) । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूचियों में गड़बड़ी का मुद्दा उठाए जाने के दौरान हरियाणा का नाम सामने आने पर हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी आक्रामक हो गई है। राहुल गांधी ने गुरुवार को नई दिल्ली में हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा था कि 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 8 सीटों पर महज 22,779 वोट से पूरा स्टेट हार गई।
शुक्रवार को भाजपा ने राहुल गांधी के इस बयान का जवाब दिया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा है कि राहुल गांधी 22 हजार वोट की बात करते हैं। चुनाव में तो एक-एक वोट से हार जीत हो जाती है। बड़ौली ने कहा कि अगर 22 हजार वोट भाजपा के और आए होते तो भाजपा 22 और सीटों पर चुनाव जीत जाती।
हरियाणा में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के बीच बढ़े मतदाताओं का अंतर निकाले तो यह 416103 लाख होता है। लोकसभा चुनाव में हरियाणा में 19938247 मतदाता थे जो विधानसभा चुनाव में बढ़कर 20354350 हो गए। औसतन पांच माह में हर विधानसभा में 4,623 मतदाता बढ़ गए। हरियाणा विधानसभा में 12 विधानसभा ऐसी थी जहां हार जीत का अंतर 4,623 से कम रहा है।
प्रदेश में 8 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस की हार 6 हजार वोटों के कम अंतर से हुई है। इन विधानसभा सीटों में उचाना कलां, चरखी दादरी, होडल, सफीदो, घरौंडा, असंध, राई और खरखौदा शामिल हैं। उचाना कलां सीट कांग्रेस महज 32 वोटों से हारी थी।
वहीं सात विधानसभा ऐसी है जो भाजपा साढ़े 3 हजार से कम वोटों के अंतर से हार गई थी। इसमें लोहारू, आदमपुर, रोहतक, साढौरा, पंचकूला, फतेहाबाद और थानेसर विधानसभा की सीटें शामिल हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा सात सीटें 12592 के अंतर से हार गई थी। बड़ौली ने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम कटने और जुड़ने की एक प्रक्रिया होती है। यह पूरी तरह निष्पक्ष होती है। ऐसे में संवैधानिक संस्थाओं पर उंगली उठाना ठीक नहीं है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
