Madhya Pradesh

ग्वालियर: दोपहर में हुई रिमझिम बारिश, बुधवार को शुष्क हो जाएगा मौसम

ग्वालियर में बारिश

ग्वालियर, 04 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर का मौसम मंगलवार को फिर से बिगड़ गया। सुबह से ही दिन भर घने बादल छाए रहे। अपरान्ह साढ़े तीन बजे के आसपास शहर में रिममिझ बारिश भी हुई। इसके चलते आज दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आज न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम है।

ग्वालियर-चंबल में 26 से 30 अक्टूबर तक हुई बारिश के बाद मौसम शुष्क था लेकिन नवंबर के चौथे दिन सुबह लोगों की नींद खुली तो पूरा आसमान घने बादलों से पटा नजर आया। सुबह उपनगर मुरार सहित शहर के चुनिंदा क्षेत्रों में बारिश की हल्की बौछार गिरी जबकि दोपहर में हल्की धूप भी निकली। अपरान्ह साढ़े तीन बजे के आसपास लगभग दस मिनट तक रिमझिम बारिश हुई। इस दौरान 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय उत्तरी हरियाणा में चक्रवातीय परिसंचरण और जम्मू-कश्मीर से सटे उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आज मौसम बदल गया है। आज रात्रि में ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है जबकि बुधवार को मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा