ग्वालियर, 09 नवंबर(Udaipur Kiran) । दिसंबर-जनवरी में तेवर दिखाने वाली सर्दी इस बार नवंबर में ही जोर दिखा रही है। यहां पिछले दो दिन से न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे टिका हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो से तीन दिन में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।
मौसम के जानकार बता रहे हैं कि इस समय मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। हालांकि हरियाणा में इस समय चक्रवातीय परिसंचरण मौजूद है लेकिन उसका यहां असर नहीं है। ऐसे में हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। चूंकि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हाल ही में बर्फबारी हुई है। इसलिए वहां से आ रही हवा में ठंडक है। इसी कारण यहां सर्दी का असर बढ़ गया है। पिछले तीन दिन से शाम ढलते ही सर्दी जोर दिखा रही है। हालांकि अभी दिन में सर्दी का असर नहीं है।
मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। संभवत: 15 नवंबर के आसपास दिन में भी सर्दी असर दिखने लगेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस मामूली वृद्धि के साथ 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। यह भी सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा