Madhya Pradesh

ग्वालियरः जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देंगी “कृषि सखी”, प्राकृतिक खेती की बारीकियां सिखाईं गईं

जिला पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में प्रशिक्षण कार्यक्रम

– जिला पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

ग्वालियर, 23 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में “कृषि सखी” महती भूमिका निभायेंगी। सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण अंचल की प्रगतिशील महिलाओं को “कृषि सखी” के रूप में चिन्हित कर उन्हें जैविक खेती की बारीकियाँ सिखाई जा रही हैं। इस कड़ी में जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव की मौजूदगी में मंगलवार को प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर जिले भर से आईं कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती करने के गुर सिखाए गए।

मेला रोड स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में प्राकृतिक खेती विषय पर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें कृषि विज्ञान केन्द्र के विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती करने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। ज्ञात हो प्राकृतिक खेती के लिये चयनित जिले के ग्रामों में 50 कृषि सखी चिन्हित की गई हैं। इन सभी कृषि सखी के माध्ययम से कृषकों को प्राकृतिक खेती करने के लिये प्रशिक्षित किया जाएगा, जाहिर है जिले में प्राकृतिक खेती के रकवे में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव ने कहा कि खेती में लगातार कीटनाशक तथा रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित प्रयोग से भूमि खराब हो रही है। उन्होंने आह्वान किया कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के माध्यम से जैविक यानि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले के किसान इस मिशन का लाभ उठाकर जैविक खेती अपनायें। उन्होंने कृषि सखियों से अपने-अपने गाँव में प्राकृतिक खेती की अग्रदूत बनने का आह्वान किया।

अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. तोमर ने जानकारी दी कि प्राकृतिक विधि से पैदा की गई उपज की बाजार में बड़ी मांग है। इसलिए प्राकृतिक खेती अपनायें। उन्होंने भरोसा जताया कृषि सखियों का यह प्रशिक्षण जिले में प्राकृतिक खेती को बढावा देने में अहम भूमिका अदा करेगा।

जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने 125 किसानों के 25 क्लस्टर तैयार

कृषि उप संचालक सह आत्मा परियोजना संचालक आर.बी.एस. जाटव ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि जिले में 125 किसानों के 25 क्लस्टर तैयार किए गए हैं। इन क्लस्टर में प्राकृतिक खेती की जाएगी। प्राकृतिक खेती के लिये चयनित ग्रामों में 50 कृषि सखी के माध्ययम से कृषकों को प्रशिक्षित किया जाएगा जिससे प्राकृतिक खेती के रकवे में बृद्धि होगी।

कृषि ने बताए जैविक विधि से कीट नियंत्रण के तरीके

कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालियर के बरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ शैलेन्द्र सिंह कुशवाह ने कृषि सखियों को जैविक विधि से कीट नियंत्रण की विधियों के बारे में बताया। साथ ही नीमास्त्र, दशपर्णीअर्क व मटका छाच आदि के वारे में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालियर के वैज्ञानिक डॉ. शरद कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती से निर्मित उत्पादों की बाजार ब्यवस्था के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया। कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालियर की बरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ रश्मी बाजपेयी जी ने प्राकृतिक विधि से उद्यानिकी फसलें उगाने की विधि पर विस्तार से चर्चा की।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top