
– केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, चारागाह अनुसंधान एवं केन्द्रीय कृषि वानिकी अनुसंधान केन्द्र में सीखेंगे उन्नत खेती की विधियां
ग्वालियर, 24 नवंबर (Udaipur Kiran) । प्राकृतिक व जैविक खेती की विधियां सीखने के लिये मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के 10 किसानों का दल सोमवार को झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के लिये रवाना हुआ। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को उन्नत खेती की बारीकियां सिखाने के लिये राज्य के बाहर किसानों को भेजा जाता है। इसी के तहत ग्वालियर जिले के किसानों का यह दल झांसी उत्तरप्रदेश के 6 दिवसीय भ्रमण पर गया है।
ग्वालियर कलेक्ट्रेट से अपर कलेक्टर कुमार सत्यम ने किसानों को लेकर जा रहे वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उप संचालक रणवीर सिंह जाटव ने बताया कि विभाग की आत्मा योजना के तहत यह दल भ्रमण पर गया है। भ्रमण के दौरान जिले के किसान चारागाह अनुसंधान केन्द्र झांसी में चारा उत्पादन की तकनीक भी सीखेंगे। साथ ही लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी का भ्रमण कर प्राकृतिक व जैविक खेती की बारीकियां समझेंगे। इसके अलावा केन्द्रीय कृषि वानिकी अनुसंधान संस्थान में उत्पादन तकनीक भी जानेंगे।
(Udaipur Kiran) तोमर