Haryana

गुरुग्राम: वन्य जीव संरक्षण से ही सुरक्षित रहेगा पर्यावरण: राव नरबीर सिंह

गुरुग्राम में राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह 2025 काे संबाेधित करते हरियाणा के पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह।

-राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह 2025 के शुभारंभ अवसर पर कही यह बात

गुरुग्राम, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन पर्वतमाला अरावली हमारी धरोहर है। यह केवल पर्वतमाला ही नहीं, बल्कि ऋषि-मुनियों की तपस्थली और जैव विविधता का आधार भी रही है। वे गुरुवार को राज्य स्तरीय वन्य जीव सप्ताह समारोह 2025 को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि रहे।राव नरबीर सिंह ने कहा कि जब तक हमारे वन सुरक्षित रहेंगे, तब तक वन्य जीव-जंतु भी सुरक्षित रहेंगे। जीव-जंतु और पक्षी हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। यदि हम उनकी रक्षा नहीं करेंगे तो पृथ्वी का संतुलन बिगड़ जाएगा। इसीलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह बेजुबान पशु-पक्षियों की देखभाल करे और वनों की सुरक्षा को अपना संकल्प बनाए। राव नरबीर सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन को जागरुक करना है ताकि समाज में यह संदेश पहुंचे कि वन्य जीवों की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर व्यक्ति को योगदान देना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ केवल लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी पांच साल तक एक बच्चे की तरह देखभाल करना भी जरूरी है। जब पेड़ बड़े होंगे तो वे पशु-पक्षियों के लिए आश्रय स्थल बनेंगे और प्रकृति का संतुलन भी ठीक रहेगा।

500 एकड़ में वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तावित नमो वन में 750 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही 500 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल बच्चे की तरह की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र हरा-भरा बनकर पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत कर सके। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों व प्रकाशनों का केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव तथा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह द्वारा विमोचन किया गया। इनमें हरियाणा की वन्य जीव धरोहर, हरियाणा के 75 सामान्य वृक्ष हरियाणा के 75 स्थानीय पक्षी, हरियाणा के 75 जलपक्षी, हरियाणा के 75 वन्य प्राणी, हरियाणा की 75 तितलियां, जटायु की कहानी-भारत के गिद्धों को बचाने की पहल, सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान पर कॉफी टेबल बुक, मंगर बानी परिदृश्य-मानव और तेंदुआ सहअस्तित्व, गुरुग्राम कूलिंग एक्शन प्लान, वाइल्ड हरियाणा न्यूज तथा वाइल्ड हरियाणा ट्रेलर प्रमुख रहे।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान वन्य जीव संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा में योगदान देने वाले प्रमुख व्यक्तियों और वन्य जीव मित्रों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों तथा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता अभियान के विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निरंतर प्रयासों, समर्पण और समाज में जागरुकता फैलाने की भूमिका को सराहने के लिए प्रदान किया गया।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top