Haryana

गुरुग्राम : युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने वाले युवक की कर दी हत्या

नुकीले हथियार से छाती पर वार करके की गई हत्या

गुरुग्राम, 30 जून (Udaipur Kiran) । घाटा गांव में युवती के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर रविवार रात एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सेक्टर-56 थाना के एसएचओ विनोद कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपी की पहचान हो गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।

जानकारी के अनुसार बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला राजदेव कुमार कई वर्षों से परिवार के साथ गुरुग्राम के गांव घाटा में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले बॉबी नाम के व्यक्ति के साथ राजदेव का झगड़ा हुआ था। आरोप है कि बॉबी ने दो दिन पहले राजदेब के जीजा की बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। राजदेब ने बॉबी को पकड़ा और मारपीट कर भगा दिया था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने राजदेव की हत्या की साजिश रची।

रविवार रात को घर आते समय राजदेव को घाटा सब्जी मंडी के पास आरोपी ने पकड़ लिया और उसकी छाती पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। आस-पास के लोगों ने राजदेव के परिवार को इसकी सूचना दी और राजदेव को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top