
रांची, 16 नवंबर (Udaipur Kiran) । गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्यों ने रविवार की रात जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया।
गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्य रात में कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा से चार पहिया वाहन में कंबल लेकर निकले और बरियातू स्थित रिम्स पहुंचे और वहां फर्श पर सो रहे मरीज के परिजनों को ओढ़ाया। साथ ही रांची रेलवे स्टेशन पर भी ठंड से ठिठुर रहे जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किया। यहां से जत्था के सदस्य महात्मा गांधी मार्ग पहुंचे और फर्श पर सो रहे जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर कंबल ओढ़ाया।
समाज के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि गुरु नानक सेवक जत्था पिछले 15 वर्षों से यह कंबल सेवा का कार्यक्रम चलाता आ रहा है और यह सेवा का कार्यक्रम ठंड के खत्म होने तक चालू रहेगा।
जत्था में सूरज झंडई, वंश डावरा, राॅनित मुंजाल ,वरूण गेरा, अमन चावला, रूद्र गिरधर,ऋषभ शर्मा,यश घई सहित अन्य शामिल थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak