

औरैया में भव्य शिव बारात, झांकियों ने बटोरी श्रद्धालुओं की वाहवाही
औरैया, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । रामलीला कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार की दोपहर तिलक नगर प्रदर्शनी स्थल से भव्य शिव बारात निकाली गई। जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। बारात के साथ डीजे और बैंड-बाजों की धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
बारात शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संजय गेट, इटावा रोड, अस्पताल गेट, सूर्या टॉकीज, ब्लॉक गेट, पौडत गेंदालाल दीक्षित चौराहा, फफूंद रोड, फायर स्टेशन, जिला जजी, जनक दुलारी इंटर कॉलेज, बड़ी माता मंदिर, पक्का तालाब, गोविंद नगर गेट, समता विद्यालय, दिबियापुर रोड स्थित भोलेश्वर मंदिर, स्टेट बैंक, तहसील क्रय विक्रय, सुभाष चौक से यमुना रोड होते हुए पुनः प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर बारात का स्वागत किया।
शिव बारात में रथों पर सजाई गई झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। इनमें भगवान गणेश, श्रीराम दरबार, भगवान परशुराम, ब्रह्मा, नारद, बांके बिहारी, खाटू श्याम, हनुमान उड़ते हुए, वैष्णो देवी पिंडी, गंगा मैया, शिव-सती, नौ देवियों के स्वरूप और लंकापति रावण की झलकियां शामिल थीं। विभिन्न स्वरूपों की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं भूत-पिशाच की झलक ने बच्चों में रोमांच और सिहरन पैदा की।
शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे और यातायात भी नियंत्रित किया गया।
इस मौके पर रामलीला कमेटी अध्यक्ष छुन्ना मिश्रा समेत राजकुमार सक्सेना, चंदू तिवारी, लाल जी तिवारी, अनुराग त्रिपाठी, मनुआ अवस्थी, अभिषेक शुक्ला, गोपाल जी दुबे, सतीश यादव, कमलकांत वर्मा, शिवदास वर्मा, रविंद्र भदौरिया, गौतम शुक्ला, सुनील दुबे, पूरन पांडे, प्रेमकांत अवस्थी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रामलीला महोत्सव का शुभारंभ प्रदर्शनी पंडाल में किया जाएगा। 22 सितम्बर को विशाल धनुष यज्ञ तथा 2 अक्टूबर को विजयादशमी महोत्सव और रावण दहन का आयोजन होगा।
(Udaipur Kiran) कुमार
