RAJASTHAN

गोविंद डोटासरा ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले – “यह सरकार नहीं, सर्कस”

नीमकाथाना में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली

जयपुर, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । राजनीति में हलचल बढ़ाते हुए कांग्रेस ने नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र में साेमवार काे संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया। रैली के बाद आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखे हमले बोले। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने और जनविरोधी नीतियों के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

रैली में विधायक सुरेश मोदी, पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गठाला सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। संबोधन में डोटासरा ने कहा कि यह सरकार नहीं, सर्कस है। एक मंत्री बजरी घोटाले पर सरकार को घेरता है, लेकिन मुख्यमंत्री चुप हैं। मंत्री अधिकारी नहीं सुनते, अधिकारी विधायकों को नजरअंदाज करते हैं, ऐसे में यह सरकार कैसे चलेगी?” केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को नोटबंदी, जीएसटी और तीन काले कृषि कानूनों से केवल पीड़ा ही दी। “नोटबंदी से देश को क्या मिला? केवल परेशानी और भ्रम। 15 महीने तक किसान सड़कों पर रोता रहा, फिर मजबूरन प्रधानमंत्री को कानून वापस लेने पड़े।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमने नीमकाथाना को जिला बनाया, सीकर को संभाग की सौगात दी। लेकिन भाजपा की सरकार आई और ये दोनों ही वापस ले लिए। अब नीमकाथाना की नगरपालिका भी सी-ग्रेड की बना दी गई। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार सी ग्रेड की है, इसलिए ऐसी ही योजनाएं बना रही है। शिक्षा मंत्री पर भी डोटासरा ने निशाना साधते हुए कहा कि स्कूलों में 1.25 लाख पद खाली हैं, बजट नहीं आ रहा, स्कूल बंद हो रहे हैं और मंत्री अधिकारियों से पूछ रहे हैं कि ‘गाय पालते हो कि नहीं? गाय के मूत्र में ऑक्सीजन होती है।’ यह है भाजपा का शिक्षा मॉडल।

नीमकाथाना की पेयजल समस्या का जिक्र करते हुए डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 8000 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने टेंडर प्रक्रिया रद्द कर दी। अंत में डोटासरा ने सभी कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे आने वाले नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों में भाजपा को पटखनी देने के लिए एकजुट हों। “हम सबको देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। यही हमारा धर्म है और यही समय की पुकार है।”

रैली में सुरेश मोदी, रमेश खंडेलवाल, सुनीता गठाला, सहित कई नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top