HimachalPradesh

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने दी दिवाली की शुभकामनाएं

शिमला, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इन्होंने लोगों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीपक केवल घरों को सजाने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में सत्य, ज्ञान और आशा का संदेश देने के लिए जलाए जाते हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस त्यौहार को प्रेम और सद्भावना के साथ मनाएं ताकि समाज में एकता और सौहार्द का वातावरण बना रहे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दीपावली न केवल घरों को रोशन करती है, बल्कि हमारे मन और समाज को भी आलोकित करती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर शांति, एकता और भाईचारे का संदेश फैलाएं तथा एक समृद्ध और उज्ज्वल हिमाचल के निर्माण का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों के सुखद और समृद्ध जीवन की मंगल कामना की।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दीपावली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का त्योहार है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस पर्व को आपसी मेल-जोल और एकजुटता की भावना के साथ मनाएं ताकि हर घर में खुशियों का प्रकाश फैले।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top