Uttrakhand

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी रक्षाबंधन की बधाई

उत्तराखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी का पिछले महीने मुलाकात का चित्र।

देहरादून, 8 अगस्त (Udaipur Kiran) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस त्योहार को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताया।

राज्यपाल ने पूर्व संध्या पर जारी संदेश में रक्षाबंधन को मातृशक्ति का त्योहार बताते हुए कहा कि बहनें सृजन की प्रेरणा और पोषण की अनुपम प्रतीक हैं, जिनका स्नेह और आशीर्वाद परिवार ही नहीं, समाज को भी दिशा और ऊर्जा देता है। राज्यपाल ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आई प्राकृतिक आपदाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस पर्व की भावनाओं के साथ हमें पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रहते हुए सहयोग और मानवीय मूल्यों को और सुदृढ़ करना होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन का पावन पर्व भाई-बहन के आपसी स्नेह, विश्वास और कर्त्तव्य का प्रतीक है। हमारी समृद्ध, सांस्कृतिक परम्पराओं से जुड़े इस पर्व का ऐतिहासिक महत्व भी है। रक्षाबन्धन का पर्व सामाजिक सद्भाव के साथ ही महिलाओं के प्रति आदर एवं सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के सम्मान से जुड़ा पर्व भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति हमारा प्रयास निरन्तर जारी है। महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध उत्तराखण्ड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी प्रगति के लिए एक आदर्श समाज के निर्माण में सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।

मुख्यमत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को प्रदेश के अंदर उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से संचालित बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा भी प्रदान की गई है।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top