
देहरादून, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित धराली गांव सहित इसके आस-पास के क्षेत्रों के सेब की खरीद किए जाने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार धराली व इसके आसपास के क्षेत्र का रॉयल डिलीशियस सेब 51 रुपये प्रति किग्रा व रेड डिलीशियस सेब एवं अन्य सेब 45 रुपये प्रति किग्रा की दर पर (ग्रेड-सी सेब को छोड़कर) उद्यान विभाग के माध्यम से खरीदा जाएगा। इसके लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था मुख्यमंत्री घोषणा मद से की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में जारी एक परिपत्र में कृषि व कृषक कल्याण विभाग सचिव को तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित कर वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति का शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन की वस्तुस्थिति से भी अविलंब अवगत कराए जाने की अपेक्षा की है।
इधर, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री धामी की इस घोषणा पर आभार जताया। शनिवार को कृषि मंत्री जोशी ने कैंप कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि उत्तरकाशी में आपदा की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सेब काश्तकारों के हित में बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में हुई अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं प्राकृतिक आपदाओं से औद्यानिक एवं कृषि फसलों को भारी नुकसान हुआ है। औद्यानिक फसलों की क्षति का कुल क्षेत्रफल 12,549.52 हेक्टेयर दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इनमें से 33 प्रतिशत से अधिक क्षति वाले क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 5,054.65 हेक्टेयर है, जिसमें सिंचित क्षेत्र 1,454.99 हेक्टेयर और असिंचित क्षेत्र 3,600.66 हैक्टेयर शामिल हैं। इसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में 33 प्रतिशत से अधिक क्षति वाले क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 136.50 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से कुल 6,873 कृषक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित किसानों को शीघ्र ही मानकों के अनुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
————–
(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल
