Haryana

यमुनानगर: बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दे सरकार: सुभाष गुर्जर

भाकियू जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर किसानों के साथ

यमुनानगर, 1 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने अपनी टीम के साथ जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और किसानों के हुए नुकसान का जायजा लिया।

भाकियू (टिकैत) के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने मंगलवार को बताया कि एक तरफ सरकार की मार और दूसरी तरफ कुदरत की मार से किसान बिल्कुल बर्बाद हो गया है।उन्होंने बताया कि जिला में छछरौली क्षेत्र की सोम नदी में भारी पानी के बहाव से किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई। पानी के ज्यादा बहाव से जमीन भी खिसक गई और किसान के गन्ने, धान की फसल और पॉपुलर के पेड़ सब पानी में बहकर बर्बाद हो गए।

उन्होंने कहा कि हर साल बरसात से पहले सरकार को इसका इंतजाम करना चाहिए।

बिलासपुर और गांव लेदी के आसपास के कई गांव बरसात की चपेट में भी आ गए हैं,जिससे किसानों के खाने पीने का सामान और पशुओं का चारा भी बिल्कुल खत्म हो गया। किसान मजदूर गांव छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। सरकार द्वारा गांव के बाहर जो पानी रोकने के लिए बंध लगाए जाते हैं, वह भी पिछले कई वर्षों से टूटे पड़े हैं। उनको सरकार पूरा नहीं कर सकी। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जल्द किसानों की जमीन की गिरदावरी कराकर उनको तुरंत मुआवजा दिया जाए।

दूसरी तरफ किसानों को खाद की कमी के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धान की फसल की रूपाई मुश्किल से हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र में दोनों जगह बीजेपी की सरकार होने के बावजूद खरीफ की फसल के लिए केंद्र से हरियाणा को मिलने वाली खाद के आधे से भी कम खाद की सप्लाई हुई है।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top