Jharkhand

मणिपुर में स्थायी शांति–विकास के लिए त्वरित कदम उठाए सरकार : सुप्रियो

सुप्रियो भट्टाचार्य प्रेस वार्ता करते

रांची, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रिया भट्टाचार्य ने मणिपुर की स्थिति पर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने रविवार को झामुमो कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले दो वर्षों में मणिपुर देश का सबसे अशांत राज्य बन गया है, जहां अब तक 960 से अधिक लोग जातीय हिंसा में मारे गए, हजारों घायल हुए। 10,000 से अधिक घर जला दिए गए। बावजूद इसके, वहां की वास्तविक समस्याओं की अनदेखी की गई। अब जबकी बिहार के साथ मणिपुर चुनाव नजदीक हैं, तो पक्के मकान बनाने सहित कई घोषणाएं की जा रही हैं। सरकार पहले मणिपुर की समस्याओं का स्थाई समाधान करे इसके बाद चुनावी घोषणाएं करने का काम करे।

भट्टाचार्य ने कहा कि मणिपुर की 30 लाख की आबादी में हजारों लोग डिटेंशन सेंटरों में बंद हैं। लाखों बेघर हो चुके हैं। लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कुकी और मैतई समुदायों के बीच हुए संघर्ष को देश का सबसे बड़ा जातीय क्लैश बताया।

वहीं, झारखंड की स्थिति पर भट्टाचार्य ने कहा कि यहां भी ऐसी कोशिशें की जाती हैं, लेकिन हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में सामुदायिक एकता बरकरार है।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top