Jharkhand

भगवान बिरसा मुंडा की क्षतिग्रस्त प्रतिमा को दुरुस्त करे सरकार : सोमा

बैठक में समिति के साेमा उरांव समेत अन्‍य

रांची, 8 नवंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष सोमा उरांव ने राज्‍य सरकार से रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की क्षतिग्रस्‍त प्रतिमा को ठीक करने की मांग की। उन्‍होंने कहा कि बिरसा मुंडा की तीर धनुष को रस्सी से बांधकर रखा गया है जो कभी भी गिर सकता है। सरकार को इसपर अविलंब संज्ञान लेना चा‍हिए। उरांव ने यह बातें शनिवार को कही। वे जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति रांची की ओर से आरोग्य भवन बरियातू के सभागार में आयोजित बैठक में वक्‍ता के तौर पर बोल रहे थे।

कार्यक्रम में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस की तैयारी को लेकर चर्चा की गई।

मौके पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा और सोमा उरांव ने झारखंड सरकार से भगवान बिरसा मुंडा की अष्टधातु की प्रतिमा अति शीघ्र लगाने की मांग की। बबलू मुंडा ने कहा कि अबुआ सरकार में भगवान बिरसा मुंडा का नाम लेकर कार्यक्रम किए जाते हैं। लेकिन भगवान बिरसा की क्षतिग्रस्त प्रतिमा को बनाने को लेकर सरकार का ध्यान नहीं है। यह आदिवासियों का अपमान है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मौके पर समिति के संयोजक जगलाल पहान ने कहा कि जनजाति गौरव दिवस रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में मनाई जाएगी। इसमें भिन्न-भिन्न जनजातियों की झांकियां निकाली जाएंगी। साथ ही सभी अपनी-अपनी पारंपरिक वेशभूषा में ढोल नगाड़े मांदर के साथ विभिन्न नृत्य मंडली कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि‍ के तौर पर राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल होंगे। जनजाति गौरव दिवस को बृहद रूप देने के लिए आयोजन समिति के सभी कार्यकर्ता पुरजोर मेहनत कर रहे हैं।

बैठक में जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति के संयोजक जगलाल पहान, बबलू मुंडा, अशोक मुंडा, मुकेश मुंडा, आशीष मुंडा, नकुल तिर्की, प्रदीप लकड़ा, बिनाचंद उरांव, मुन्ना हेंब्रम सहित अन्‍य मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar