Haryana

झज्जर : क्षति पोर्टल पर यकीन नहीं, सीधी गिरदावरी कराए सरकार : भुक्कल

जलभराव प्रभावित क्षेत्र का दौरा करती झज्जर की विधायक गीता भुक्कल।

झज्जर, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व मंत्री और झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल को जलभराव के दौरान खराब हुई फसलों के लिए सरकार के क्षति पोर्टल पर कतई यकीन नहीं है। उन्होंने मांग की है कि सरकार इस क्षति पोर्टल के बजाय खराब फसलों की स्पेशल गिरदावरी कराए और किसानों को उनकी बर्बाद हुई फसलों का वन टाइम मुआवजा दे। अन्यथा हमारा किसान पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। पूर्व मंत्री गीता भुक्कल झज्जर विस क्षेत्र के जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर रही थी। उनके साथ सम्बंधित विभाग के अधिकारी भी थे।

गीता भुक्कल मंगलवार को झज्जर विस क्षेत्र के गांव लीलाहेड़ी, बिराेहड़, अकेहड़ी मदनपुर, लडायण सहित विभिन्न गांवों में जलभराव क्षेत्रों व बर्बाद हुई फसलों का जायजा लेने पहुंची। उन्होंने कहा कि झज्जर विस क्षेत्र के कुछ किसानों ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी बर्बाद फसलों का ब्यौरा डाल दिया है और कुछ डालने की तैयारी में हैं। लेकिन यह कतई यकीन नहीं है कि क्षतिपूर्ति पोर्टल पर डालने के बावजूद किसानों को उनके नुकसान की भरपाई हो जाएगी। पहले भी इस क्षेत्र के किसानों ने क्षति पोर्टल पर अपनी बर्बाद फसलों के नुकसान का ब्यौरा डाला था, लेकिन उन्हें मुआवजा आज तक नहीं मिला। इसलिए सरकार को चाहिए कि पोर्टल के बजाय बर्बाद हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी करा कर किसानों को वनटाइम उनके नुकसान की भरपाई करे।

पूर्व मंत्री कहा कि यह तो ठीक है कि इस साल कुछ बरसात ज्यादा हुई है, लेकिन वह यह कहने में भी कतई गुरेज नहीं करती कि व्यवस्थाएं भी शासन और प्रशासन की तरफ से ठीक नहीं थी। यदि समय रहते व्यवस्थाएं ठीक हुई होती तो अन्नदाता का जो इतना ज्यादा नुकसान हुआ है वह होने से बच जाता। उन्होंने खराब और बर्बाद हुई फसलोंं के लिए सरकार से किसानों के लिए पचास हजार रूपये प्रति एकड़ मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई। उन्होंने झज्जर विस क्षेत्र के गांवों मेें जल निकासी के लिए सरकार द्वारा लगवाए गए पंंपों के काम न करने के मामले की भी जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पानी निकासी का पुख्ता इंतजाम सरकार को करना चाहिए।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Most Popular

To Top