Uttar Pradesh

सरकार किसानों के साथ है, बाढ़ प्रभावित किसानों को शासन ने दिया मुआवजा : जिलाधिकारी

लाभार्थी किसान का छायाचित्र

कानपुर, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran) । सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी हर कठिनाई में मदद सुनिश्चित करेगी। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर कृषि विभाग एवं राजस्व टीम ने नुकसान का आंकलन किया था, जिसके आधार पर मुआवज़ा स्वीकृत किया गया। यह बातें मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद प्रताप सिंह ने कही।

तहसील घाटमपुर के 19 गांवों में कुछ दिन पहले आई यमुना नदी की बाढ़ से फसलों को नुकसान पहुँचा था। खेतों में खड़ी धान, तिलहन और सब्ज़ियों की बर्बादी से किसानों के सामने रोज़गार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया था। शासन ने स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए त्वरित राहत देने का निर्णय लिया। इसी क्रम में आज 971 प्रभावित कृषकों के खातों में कुल 48,13,374 रुपये की मुआवज़ा राशि भेजी गई है।

राहत राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में भेजी गई। राशि आने के बाद किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। ग्राम हरदौली के किसानों ने एक स्वर में कहा कि समय पर मिली यह मदद उन्हें दोबारा खेती शुरू करने का संबल देगी।

प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कृषकों के लिए आपदा राहत कोष से मुआवज़ा देने की व्यवस्था की है। कृषि क्षति का मुआवज़ा फसलवार निर्धारित दरों पर दिया जाता है, जिससे किसान बीज, खाद और अन्य इनपुट की व्यवस्था करके अगली फसल की बुवाई कर सकें। इसके अलावा किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत भी अलग से लाभ ले सकते हैं।

एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने बताया कि तहसील के बाढ़ प्रभावित 971 किसानों के खाते में पैसा पहुंच गया है। अगले दो दिन में सभी चिन्हित किसानों के खाते में सहायता राशि पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य सिर्फ राहत पहुँचाना ही नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाना भी है। इस दिशा में विभागीय स्तर पर खेतों में जल निकासी, बीज उपलब्धता और तकनीकी मार्गदर्शन की व्यवस्था की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top