
– फरीदाबाद नमो वन में हुआ मेगा पौधारोपण
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकास और पर्यावरण,एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। एक के बिना दूसरा अधूरा है। गुरुवार काे फरीदाबाद में आयोजित यह मेगा पौधारोपण अभियान उसी संतुलित विकास की दिशा में एक और निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री के साथ राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी सेक्टर 9 हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ग्रीन बेल्ट परिसर में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गौरतलब है कि हरियाणा प्रदेश में 75 नमो वन बनाने के लिए स्थान चिन्हित कर उनमें पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार प्रभावी रूप से कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरित जैव-विविधता कॉरिडोर में पौधा रोपण के साथ ही इस क्षेत्र में बर्ड्स ऑफ ग्रीन कॉरिडोर भी विकसित किया जा रहा है। पौधारोपण अभियान में सभी की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा का प्रत्येक नागरिक पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझता है। यह मेगा पौधारोपण अभियान हमारी भावी पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ और स्वच्छ परिवेश का निर्माण करेगा। पौधारोपण का सीधा अर्थ प्रकृति का सम्मान और हरियाली का विस्तार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान हमें याद दिलाता है कि पेड़ सिर्फ लकड़ी का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। पेड़ों के बिना न तो स्वच्छ हवा मुमकिन है, न पर्याप्त वर्षा और न ही धरती पर जीवन की निरंतरता, इसलिए यह अभियान प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता, हमारे दायित्व और आने वाली पीढिय़ों का खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करने के हमारे संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद प्रदेश की आर्थिक धुरी है। यहां के उद्यमियों,व्यापारियों और कर्मठ श्रमिकों ने अपने अथक परिश्रम से इस शहर को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है लेकिन विकास की इस तेज दौड़ में हमने प्रकृति से बहुत कुछ लिया है,ऐसे में अब समय आ गया है कि हम प्रकृति को कृतज्ञता पूर्वक वापस लौटाएं।
हरित अरावली कार्य योजना का दक्षिणी हरियाणा में किया क्रियान्वयन :
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि दक्षिण हरियाणा में हरित अरावली कार्य योजना का क्रियांवयन किया गया है। केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा बनाई गई यह परियोजना में अरावली पहाडिय़ों के चार राज्यों में लागू की जा रही है, जिनमें हरियाणा भी शामिल है। इन चार राज्यों में 29 जिलों का चयन किया गया है, जिनमें पांच जिले हरियाणा के हैं। उन्होंने बताया कि औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश में कुल 56 हर्बल पार्क, 4 नगर वन और 18 ऑक्सी वन स्थापित हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
