Haryana

हरियाणा में भारी बारिश के बाद सरकार हुई सतर्क

-मुख्यमंत्री ने रद्द किया दुबई का दौरा

-प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में जलभराव पर कंट्रोल रूम चालू

चंडीगढ़, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । पड़ोसी राज्य पंजाब के दस जिलों में बाढ़ के बाद हरियाणा में भी खतरा पैदा हो गया है। हरियाणा में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। आपात स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दुबई दौरा रद्द कर दिया है। मौसम विभाग ने रविवार सुबह अगले 36 से 48 घंटे भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया है।

हालात बिगड़ते देख सरकार ने पब्लिक हेल्थ विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उनके स्टेशन छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2 से 5 सितंबर तक का यूएई दौरा रद्द कर दिया है। यह फैसला भारी बारिश के अलर्ट और पहाड़ों में हो रही बरसात के बाद लिया गया है। मुख्यमंत्री को दुबई में कई कारोबारियों के साथ बैठक करनी थी।

शनिवार रात से लेकर रविवार दोपहर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश से भारी नुकसान की खबर है। नूंह के पुन्हाना खंड के गांव गोधौली में चार भाइयों के मकान बरसात के कारण भरभरा कर गिर गए। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। हथिनीकुंड बैराज से सटे यमुनानगर जिले में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई। राज्य के हिसार, फतेहाबाद, जींद और सोनीपत में तेज बारिश से सड़के-गलियां तालाब बन गई हैं।

नारनौल में हमीदपुर गांव में पशुओं को चराने गए 34 वर्षीय बिरेंद्र सिंह की बांध में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक बीते कल सुबह पशुओं को लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। राज्य के भिवानी, यमुनागर, पंचकूला, कुरूक्षेत्र, हिसार, फतेहाबाद आदि जिलों में प्रशासन की तरफ से कंट्रोल रूम चालू कर दिए गए हैं। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रविवार को गुरुग्राम में अधिकारियों की आपात बैठक बुलाकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इससे पहले हरियाणा सरकार द्वारा बीबीएमबी को पत्र लिखकर भाखड़ा से छोड़े जाने वाले पानी का स्तर कम करने के लिए कहा गया है।

इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार की शाम जारी बयान में कहा कि प्रदेश में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। प्रदेश वासियों को किसी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार जिला उपायुक्तों के साथ संपर्क में हैं और स्थिति को मॉनिटर कर रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top