Delhi

घाना आर्म्ड फोर्सेस कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से की मुलाकात

दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह घाना के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करते हुए।

नई दिल्ली, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । घाना आर्म्ड फोर्सेस के कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज के 13-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय सिविक सेंटर में दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात का उद्देश्य उत्तम कार्यप्रणालियों और सुशासन के मॉडल को समझना था, जिन्हें घाना में भी अपनाया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आप सभी का भारत आगमन हमारे लिए गर्व का विषय है। भारत और घाना लोकतांत्रिक परंपराओं, विकास की आकांक्षाओं और आपसी सहयोग की मजबूत भावना साझा करते हैं। सुशासन केवल नीतियों और कानूनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसहभागिता पर आधारित होता है। यह संवाद दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग के संबंधों को और सुदृढ़ करेगा।

महापौर ने एमसीडी की नगरीय सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिसमें टाउन प्लानिंग, दिल्ली मास्टर प्लान, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान स्वीकृति और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी प्रमुख व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एमसीडी नवाचार, दक्षता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से राजधानी को उत्कृष्ट नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को टाउन प्लानिंग, दिल्ली मास्टर प्लान और ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान स्वीकृति प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कचरा उत्पादन, प्राथमिक और द्वितीयक छंटाई, परिवहन और अंतिम निस्तारण की प्रक्रियाओं के साथ दिल्ली जैसी भूमि-आवेष्ठित महानगर में आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।

महापौर ने बताया कि यह दौरा भारत और घाना के बीच ज्ञान-विनिमय और आपसी सीख के प्रति साझा प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करते हुए संपन्न हुआ।

इस अवसर पर स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सुंदर सिंह, निगमायुक्त अश्विनी कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top