Assam

कोकराझार में बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म के समाधि स्थल पर गौरव गोगोई ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कोकराझार, 23 जून (Udaipur Kiran) । असम प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष गौरव गोगोई कोकराझार दौरे के दूसरे दिन आज निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उन्होंने सबसे पहले दोतमा थुलुंगापुर स्थित बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म की समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

बोडोफा की समाधि और उनकी प्रतिमा को नमन करते हुए गौरव गोगोई ने कहा, मेरी विचारधारा में असम के महापुरुषों की सूची में बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म एक अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं। बोडोफा ने अपनी जाति को शक्ति प्रदान की, साहस दिया और आत्मसम्मान जगाया। यही कारण है कि उनके निधन के इतने वर्षों बाद भी लोग उन्हें श्रद्धा से याद करते हैं। यही एक महान व्यक्ति की पहचान है।

उन्होंने आगे कहा, शांति सत्ता से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होती है। लेकिन भाजपा सरकार ने स्थानीय बोडो नेताओं को अपने दल के हित में बलिदान करवा दिया। भाजपा ने यूपीपीएल को बलिदान कराया और बीपीएफ को कमजोर कर दिया। अब ‘रीमोट कंट्रोल’ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के हाथ में है।

उन्होंने कहा, हालांकि दिवंगत तरुण गोगोई के समय में यह ‘रीमोट कंट्रोल’ बोडो लोगों के हाथ में था। अब लोग यह बात समझ चुके हैं और कांग्रेस का फिर से स्वागत कर रहे हैं।

गौरव गोगोई ने कहा, भाजपा ने अगप को खत्म कर दिया। अगप अब केवल दो-तीन लोगों की पार्टी बनकर रह गई है। भाजपा के जाल में फंसकर धीरे-धीरे यह तीन-चार लोगों की पार्टी बन चुकी है। यूपीपीएल और बीपीएफ भी हिमंत बिस्व सरमा के सामने घुटने टेक रहे हैं।

गोगोई ने कहा, जब कांग्रेस की सरकार होती है तो क्षेत्रीय पार्टियां मजबूत होती हैं। कांग्रेस क्षेत्रीय पार्टियों की भावनाओं को समझती है। सत्ता आएगी जाएगी, लेकिन क्षेत्रीयता बनी रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा द्वारा पर्बतझोरा में स्थापित होने वाले ताप विद्युत परियोजना को ग्वालपाड़ा और धुबड़ी ले जाने की बात पर गौरव गोगोई ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो हज़ारों झूठ बोलती है। पहले हमें आदेश पत्र (ऑर्डर) देखना होगा। चुनाव से पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम कर देते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उसे दोगुना बढ़ा देते हैं। इसलिए हम मुख्यमंत्री की बातों पर नहीं, बल्कि परियोजना स्थानांतरण से जुड़े आदेश पत्र को देखना चाहते हैं।

ज्ञात हो कि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों ने विद्युत ताप परियोजना को बड़ा मुद्दा बनाते हुए इसे आदिवासी क्षेत्र की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। इसको मुद्दा बनाते हुए बीटीसी चुनाव में जोर-शोर से उठाने की कांग्रेस ने रणनीति बनाई है।

(Udaipur Kiran) / देबजानी पतिकर

Most Popular

To Top